चाईबासा (झारखंड) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में गठित कारागार निरीक्षण समिति ने मंगलवार को मंडल कारा का निरीक्षण किया।

समिति में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (उपायुक्त के प्रतिनिधि), एसडीपीओ सदर (आरक्षी अधीक्षक के प्रतिनिधि), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला रोजगार पदाधिकारी, भवन विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला कल्याण पदाधिकारी और उत्पाद निरीक्षक शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान समिति ने जेल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बंदियों से मिलकर यह सुनिश्चित किया कि उनके बीच किसी तरह का भेदभाव न हो। समिति ने भोजन, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया, जिसे संतोषजनक पाया गया।
इस संबंध में जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी।

