रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक घर पर बीएलओ की जानकारी वाला स्टीकर लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए और इसकी जमीनी स्तर पर नियमित जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन घरों का मकान नंबर नहीं है, उन्हें नेशनल नंबर देकर बीएलओ रजिस्टर में हाउस नंबर, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके सदस्यों और परिवार के मुखिया का नाम दर्ज किया जाए।
निर्वाचन विभाग में हुई ऑनलाइन समीक्षा बैठक में उन्होंने डोर-टू-डोर अभियान को तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे मतदाताओं की पहचान कर उनकी मैपिंग पूरी की जाए, जो अब तक सूची में सही तरीके से शामिल नहीं हुए हैं।
साथ ही एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लिकेट मतदाताओं की सूची को सिस्टम के माध्यम से शत-प्रतिशत अपडेट कर साफ किया जाए, ताकि गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी तरह की त्रुटि न रहे।
उन्होंने निर्देश दिया कि इन सूचियों का मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से अभिप्रमाणन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों के नक्शे की सॉफ्ट कॉपी भी राजनीतिक दलों के साथ साझा करने को कहा गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि एक भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही ‘बुक ए कॉल’ सेवा के तहत प्राप्त शिकायतों पर 48 घंटे के भीतर कॉल बैक कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
Read Also: RANCHI NEWS: झारखंड में बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण के लिए जारी होगी नई गाइडलाइन, अब होगी सख्ती

