Home » हिमंता बिस्वा सरमा ने पलामू में दिया ‘एक रहेंगे, सेफ रहेंगे’ का नारा, हेमंत सोरेन और मिथिलेश ठाकुर पर कसा तंज

हिमंता बिस्वा सरमा ने पलामू में दिया ‘एक रहेंगे, सेफ रहेंगे’ का नारा, हेमंत सोरेन और मिथिलेश ठाकुर पर कसा तंज

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को गढ़वा जिले के पेशका में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी भाषण में हेमंत सोरेन और मिथिलेश ठाकुर पर जोरदार हमला करते हुए कहा, “जब भारतीय संस्कृति और सनातन को बाबर और औरंगजेब जैसे आक्रांताओं ने नहीं हिला पाया, तो हेमंत सोरेन और मिथिलेश ठाकुर की औकात ही क्या है।”

झारखंड में भ्रष्टाचार और लूट का आरोप


हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड की मौजूदा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सोरेन और उनके सहयोगी मिथिलेश ठाकुर ने मिलकर राज्य और विशेषकर गढ़वा को लूट लिया है। “यहां सोने के भाव में बालू बिक रही है और बुजुर्गों की पेंशन बंद कर दी गई है। मइयां सम्मान योजना के नाम पर सास-बहू को आपस में लड़वाया जा रहा है,” सरमा ने कहा। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में अबुआ आवास योजना के नाम पर कुछ ही लोगों को घर मिल पाए, जबकि बालू की कीमत इतनी महंगी हो गई है कि गरीब घर नहीं बना पा रहे।

धार्मिक आयोजनों पर रोक का आरोप


सरमा ने आरोप लगाया कि झारखंड में धार्मिक आयोजनों पर भी रोक लगाई जा रही है। उन्होंने कहा, “यहां दुर्गा पूजा की मूर्ति विसर्जन को रोका जा रहा है और रामनवमी की जुलूस नहीं निकल पा रही।” इसके साथ ही सरमा ने चुनौती देते हुए कहा, “अगर माँ का दूध पिया है तो अगले साल मूर्ति विसर्जन और रामनवमी जुलूस को रोककर दिखा दो।”

मिथिलेश ठाकुर पर व्यक्तिगत हमला


हिमंता बिस्वा सरमा ने मिथिलेश ठाकुर पर एक व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि वह कालाबाजारी और लूट के पैसे के घमंड में इस कदर चूर हो गए हैं कि मां गढ़ देवी मंदिर के तोरण पर अपने माता-पिता का नाम लिखवा रहे हैं। सरमा ने यह आरोप भी लगाया कि इन नेताओं को गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से कोई लेना-देना नहीं है।

भाजपा के वादे और योजनाएं


प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने पर सरमा ने झारखंड की जनता को आश्वासन दिया कि भ्रष्टाचार में लिप्त सभी लोगों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार सीजीएल सहित सभी परीक्षाओं में धांधली की जांच कराएगी और दो लाख 87 हजार लोगों को नौकरी देगी। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा की तर्ज पर 31 रुपये प्रति किलो धान की खरीद की जायेगी।

सरमा ने गोगो दीदी योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत बुजुर्गों को ढाई हजार रुपये और महिलाओं को 2,100 रुपये की राशि एक साथ दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने झारखंड में 21 लाख लोगों को आवास देने का वादा भी किया। सरमा ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बालू को मुफ्त में उपलब्ध कराएगी।

भ्रष्टाचार पर भाजपा का प्रहार


भाजपा के विधायक प्रत्याशी सत्येंद्र नाथ तिवारी ने भी इस सभा में हेमंत सोरेन और मिथिलेश ठाकुर की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “यह सरकार बालू की कालाबाजारी, नल जल योजना के नाम पर हजारों करोड़ रुपये के घोटाले कर रही है, जिसकी एसीबी और सीबीआई रेड कर रही है।” उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, “13 नवंबर को कमल फूल के चिन्ह पर वोट डालें और भाजपा को झारखंड में सत्ता दिलाएं।”

सांसद और अन्य नेताओं का समर्थन


सभा में सांसद बीडी राम, पूर्व सांसद घूरन राम, आजसू के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, डॉ. लालमोहन, मंडल अध्यक्ष रुपू महतो, और मुखिया राम प्रताप सहित कई अन्य नेताओं ने भी अपनी बात रखी और राज्य में भा.ज.पा. की सरकार बनाने की अपील की।

Related Articles