रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अनुशासन समिति) की संगठनात्मक अनुशासन को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसकी जानकारी देते हुए मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने बताया कि समिति के संज्ञान में यह बात सामने आई कि योगेंद्र साव की ओर से लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से वर्तमान गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सरकार के विरुद्ध आपत्तिजनक और अनुशासनहीन टिप्पणियां की जा रही थीं।
अनुशासन समिति ने उनके आचरण को पार्टी की छवि के प्रतिकूल बताया
उन्होंने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर लाइव के माध्यम से भी उन्होंने सरकार के खिलाफ अनुचित बयान दिया। अनुशासन समिति ने इस आचरण को पार्टी की छवि के प्रतिकूल और संगठनात्मक नियमों का उल्लंघन मानते हुए गंभीरता से लिया। मुंजनी ने कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार में कांग्रेस पार्टी की भी भागीदारी है ऐसे में इस प्रकार के सार्वजनिक वक्तव्य पार्टी की मर्यादा के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुशासनात्मक नियमों का उल्लंघन मानते हुए प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने निर्णय लिया है कि योगेंद्र साव को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 03 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।

