Dhanbad : धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह इलाके में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इसमें बताया गया था कि रवि पांडेय और संदीप पांडेय के घर में अवैध शराब का भंडारण और बिक्री हो रही है।सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों घरों में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान लगभग 40 लीटर महुआ शराब, 50 पेटी बीयर और 25 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई है। टीम ने मौके से संदीप पांडेय को गिरफ्तार कर लिया, जबकि रवि पांडेय फरार हो गया है। उसकी तलाश में रेड चल रही है। जब्त शराब की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को लेकर विभाग एक्शन मोड में है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बोकारो में 10 लाख की नकली शराब जब्त
होली को लेकर बोकारो पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 10 लाख रुपये की नकली शराब जब्त की है। इस संबंध में एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकंडी गांव में सोना महतो के मकान में छापेमारी की गई।
10 लाख रुपए कीमत की शराब जब्त
छापेमारी के दौरान मकान से 2688 बोतल नकली शराब बरामद की गई। इसकी कीमत तकरीबन 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मकान मालिक सोना महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है।
दो दिन में 14 लाख रुपए की नकली
शराब जब्त पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बोकारो में दो दिनों के भीतर कुल 14 लाख रुपये की नकली शराब जब्त की जा चुकी है। इससे पहले कथारा ओपी थाना क्षेत्र से 4 लाख रुपये की नकली शराब बरामद की गई थी। पुलिस ने साफ किया है कि त्योहार और चुनाव को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

