RANCHI: रांची पुलिस ने सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। चुटिया थाना पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के प्रमुख सदस्य अरविंद प्रसाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से बेरोजगार युवकों को फर्जी भर्ती और ज्वाइनिंग लेटर दिखाकर ठग रहा था। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की शुरुआत पीड़ित मुन्ना कुमार की शिकायत से हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में अरविंद प्रसाद ने खुद को सेना के एमईएस विभाग का अधिकारी बताया था।
आरोपी ने अपने सहयोगी संतोष कुमार सिंह के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 6 लाख रुपये की मांग की और कुल मिलाकर करीब 70 लाख रुपये की ठगी की। आरोपियों ने पीड़ितों को दिल्ली, जम्मू और लेह तक ले जाकर सेना से जुड़े स्थानों पर भ्रमित कर भरोसा दिलाया। बाद में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिए गए, जो जांच में नकली पाए गए। जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसआईटी का गठन किया। जांच के दौरान अरविंद प्रसाद को एमईएस कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
ये हुआ बरामद
छापेमारी में सेना से जुड़े फर्जी आईडी कार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, आधार, पैन, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

