Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले में एक सनसनीखेज हत्या की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। यहां जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या कर दी गई है। उनका अधजला शव खांखी जंगल से बरामद किया गया है। यह इलाका निमियाघाट थाना क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले उनके साथ मारपीट की गई और बाद में कत्ल कर दिया गया। हत्या करने के बाद पहचान मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की गई।

मौके पर पहुंचे डुमरी के एसडीपीओ
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी के एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में निमियाघाट व डुमरी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से सुबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
राजनीति में प्रभावशाली चेहरा थे राकेश
राकेश महतो डुमरी क्षेत्र की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा थे। साल 2016 में जिला परिषद चुनाव जीतकर वे अध्यक्ष बने थे। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े थे और इलाके में उनकी लोकप्रियता की वजह से उनकी हत्या के बाद लोगों में शोक के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। जेएमएम के जिलाध्यक्ष ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए फौरन कार्रवाई की मांग की है।
तेजी से चल रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने एसडीपीओ डुमरी को तत्काल जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि राकेश महतो की हत्या की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

