लातेहार : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने दो दिवसीय दौरे में नेतरहाट की मनोरम वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर गहरा संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन, फिल्म शूटिंग और स्थानीय रोजगार के लिए असीम संभावनाओं से भरपूर है।
नेतरहाट का प्राकृतिक सौंदर्य बना आकर्षण का केंद्र
राज्यपाल ने नेतरहाट के प्रमुख पर्यटन स्थलों सनसेट प्वाइंट, सनराइज प्वाइंट और नेतरहाट लेक का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नेतरहाट प्रकृति की अनुपम देन है। घाटियां, झरने और हरियाली यहां एक अद्भुत सिनेमाई पृष्ठभूमि रचते हैं।
90 एकड़ में फैले नाशपाती बागान का दौरा
राज्यपाल ने 90 एकड़ में फैले प्रसिद्ध नाशपाती बागान का विशेष वाहन से निरीक्षण किया। डीसी उत्कर्ष गुप्ता और भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्रा ने उन्हें बागान की खेती, उत्पादन और संभावनाओं पर ब्रीफिंग दी।
‘सहिया’ फिल्म की शूटिंग का किया शुभारंभ
राज्यपाल ने फिल्म “सहिया” की शूटिंग का उद्घाटन किया, जिसमें अभिनेता शांतनु महेश्वरी, नीरज काबी और रिंकू राजू जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। यह देखकर खुशी है कि झारखंड के स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को भी इस फिल्म में मौका मिला है। उन्होंने झारखंड में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि यह राज्य भविष्य में एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बन सकता है।
राज्यपाल का संदेश: आइए, झारखंड में फिल्म बनाइए
राज्यपाल ने फिल्मकारों से अपील की झारखंड का सांस्कृतिक सौहार्द, प्राकृतिक धरोहर, और स्थानीय प्रतिभा फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सक्षम है।
समापन में क्या कहा?
राज्यपाल गंगवार ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड को पर्यटन और फिल्म उद्योग के लिए एक हब बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्थानीय रोजगार, संस्कृति का संरक्षण और राजस्व सृजन इस नीति के प्रमुख उद्देश्य होंगे।

