Jamshedpur News : केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने जमशेदपुर दौरे के दौरान झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देकर सत्ता चला रही है, जो न सिर्फ राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा है बल्कि आदिवासी समुदाय के अस्तित्व के लिए भी नुकसानदेह साबित हो रही है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार झारखंड को बंगाल बनाना चाहती है। जबकि, बंगाल की ममता सरकार बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती हैं। झारखंड वोट बैंक का राज्य बन गया है। यहां बांग्लादेशी और रोहिंग्या आ रहे हैं। यह आदिवासी समाज और सनातन पर कड़ा प्रहार है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन भले ही चुनाव जीत गए हों मगर वह खामियाजा भुगतेंगे। उन्होंने इसे देश का दुर्भाग्य बताया। केंद्रीय मंत्री ने लोगों से अपील की कि वह जनजागरण करें। सरकार से पूछें कि जमात टोला कहां से आया है।
रविवार देर रात टाटानगर स्टेशन पहुंचे गिरिराज सिंह का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पटना से वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं के उत्साह का अभिवादन करते हुए कहा कि झारखंड की सरकार राज्य को अंधकार की ओर ले जा रही है।
Jamshedpur News : बिहार में एनडीए सरकार बनने का दावा
मीडिया से बातचीत करते हुए गिरिराज सिंह ने बिहार की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वहां एनडीए की सरकार हर हाल में बनेगी। जनता अब तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर चुकी है। आने वाला समय स्पष्ट करेगा कि जनता किसके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता गब्बर का जमाना नहीं लाना चाहती। उन्होंने पत्रकारों से पूछा कि शोले देखी है या नहीं। उसमें गब्बर ने तो ठाकुर का सिर्फ हाथ काटा था मगर, बिहार में बहन बेटियों की अस्मिता चली गई थी। अब जनता ने तय कर लिया है कि बिहार में गब्बर का जमाना नहीं आने देना है।
दीक्षांत समारोह में युवाओं को किया प्रेरित

सोमवार को जमशेदपुर के पोखरी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर गिरिराज सिंह ने 1700 छात्र-छात्राओं को डिग्री और 120 गोल्ड मेडल विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी, उड़ीसा की शैक्षणिक सलाहकार डॉ. शुक्ला मोहंती और कुलसचिव नागेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मंच से संबोधन में गिरिराज सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की और कुलाधिपति मदन मोहन सिंह को “कर्मवीर पुरुष” की उपाधि दी।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल डिग्री प्राप्त करना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि आज के युवा रोजगार लेने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनें । उन्होंने “आई कैन, आई विल” के सिद्धांत पर चलने की प्रेरणा दी और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनता जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत शताब्दी वर्ष में प्रवेश करते-करते विश्वगुरु के रूप में स्थापित होगा, जिसमें युवाओं की केंद्रीय भूमिका होगी।
केंद्रीय मंत्री ने डिग्री प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और आग्रह किया कि वे अपने जीवन में नेतृत्व, सेवा और नवाचार को अपनाएं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, entrepreneur बनकर देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।
Read also Jamshedpur News : दो अलग-अलग मामलों में मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

