Chaibasa : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम आंधी-तूफान और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। सांदिरडीह गांव के गोंडामारा टोला में हुई इस घटना में 35 वर्षीय संजय देवगम की मौत हो गई, जबकि उनकी नौ वर्षीय बेटी मुस्कान देवगम और 60 वर्षीय पिता मिलु देवगम घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बारिश से बचने झोपड़ी में बैठे थे लोग
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे तेज बारिश से बचने के लिए संजय देवगम अपने पिता, बेटी और अन्य लोगों के साथ एक पुआल की झोपड़ी में बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी के समीप आ गिरी। बिजली गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सबसे ज्यादा असर संजय पर पड़ा
बिजली का सबसे ज्यादा असर संजय देवगम पर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बेटी मुस्कान और पिता मिलु देवगम भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। झोपड़ी में मौजूद अन्य लोगों को भी झटका लगा, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल नहीं हुए हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय देवगम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी बेटी और पिता का इलाज जारी है।
गांव में पसरा मातम
संजय देवगम की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बांधने पहुंच रहे हैं।

