
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजादनगर थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को शिया मस्जिद के पास कथित तौर पर अवैध रूप से कफ सिरप की खरीद-बिक्री करते पकड़ा गया। उनके पास से विनसेरेक्स कफ सिरप की पांच बोतलें बरामद की गईं।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जिले में ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आजादनगर थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अली रजा उर्फ शहजादा (33), निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, और मोहम्मद नौशाद खान उर्फ लालू (46), निवासी क्रॉस रोड नंबर 12, शिया मस्जिद के पास, जाकिरनगर के रूप में हुई है। दोनों आजादनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विनसेरेक्स कफ सिरप की पांच बोतलें जब्त कीं। प्रत्येक बोतल में 100 मिलीलीटर सिरप था। इस मामले में आजादनगर थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है।

