जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जुबिली पार्क गेट नंबर-1 के नजदीक रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक टेंपो चालक और पार्क घूमने आए युवकों के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, इससे कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। टेंपो चालक का आरोप है कि वह अन्य टेंपो चालकों से बातचीत कर रहा था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। टेंपो चालक ने यह भी दावा किया कि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन मारपीट के दौरान उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
वहीं, दूसरी ओर जुबिली पार्क घूमने आए युवकों का कहना है कि टेंपो चालक ने पहले उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। युवकों के अनुसार चालक के व्यवहार से नाराज होकर विवाद बढ़ा और इसी दौरान मारपीट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद हालात को शांत कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जुबिली पार्क जैसे सार्वजनिक और पर्यटन स्थल के आसपास इस तरह की घटनाएं आम लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत अब तक नहीं की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

