Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार की रात लगभग आठ बजे बंद पड़ी केबुल कंपनी कैंपस में भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताते हैं कि लंबे समय से बंद पड़ी इस कंपनी में कुछ असामाजिक तत्व घुस गए और वहां एकत्र कबाड़ व अन्य सामग्री में आग लगा दी।

आग लगाने के बाद ये लोग फरार हो गए।आग लगते ही परिसर से तेज धुआं उठने लगा। यह देखते ही देखते आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल गया। धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने फौरन दमकल विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया। कहा जा रहा है कि अगर आग और फैलती तो आसपास की संपत्तियों को नुकसान पहुंच सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

