Jamshedpur News : जमशेदपुर में 29 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के जिस रोड से राष्ट्रपति एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक जाएंगी उस रूट को पूरी तरह सैनिटाइज किया जा रहा है। रूट के आसपास स्थित सभी ऊंची इमारतों की पहचान कर उसकी सुरक्षा की जांच की जा रही है। यहां रहने वालों का सत्यापन किया जा रहा है। इन ऊंची इमारतों पर सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने शनिवार को बताया कि पूरे रूट का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा चुका है। एंटी-सबोटाज जांच की जा रही है। यह वह जांच होती है जिसमें रूट के आसपास की इमारतों और लोकेशन को खंगाला जा रहा है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा को लेकर कहीं कोई दिक्कत नहीं आए।
,एक्सेस कंट्रोल और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इस काम में स्पेशल ब्रांच, पुलिस मुख्यालय और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पुलिस लगातार काम कर रही है। ज़रूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों की मांग भी की गई है। ताकि, राष्ट्रपति की सुरक्षा में कहीं कोई कोताही न रह जाए।
एसएसपी ने बताया कि जिला प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से पुलिस निरीक्षण कर रही है। स्थल निरीक्षण और सुरक्षा को लेकर बैठकों का दौर पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ विशेष तालमेल क़ायम किया गया है। वहीं, राष्ट्रपति का कार्यक्रम सरायकेला में भी प्रस्तावित है। इसका रूट जमशेदपुर होकर है। इस रूट का भी भौतिक सत्यापन कर सरायकेला जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाया गया है।
एसएसपी ने साफ किया कि आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका खास ख्याल रखा जाएगा। ट्रैफिक को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि सुरक्षा कारणों से ज़रूरत के मुताबिक कुछ समय के लिए इसे नियंत्रित किया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि खतरे का आकलन लगातार किया जा रहा है। ताकि, राष्ट्रपति का भ्रमण पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

