Jamshedpur : जिले में शीतलहर और लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने छात्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को बड़ा फैसला लिया है। डीसी कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में 28 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार यह निर्णय पूरी तरह एहतियातन और जनहित में लिया गया है, ताकि शीतलहर के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। आदेश के तहत जिले के सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराएं।
प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी जरूरी निर्णय लिए जा सकते हैं। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें।
गौरतलब है कि झारखंड में इन दिनों शीत लहर चल रही है। इसके चलते सर्दी बढ़ गई है। लोग ठंड से कांप रहे हैं। सुबह भी ठंड रहती है। झारखंड के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट की आशंका है। इसी के चलते जिला प्रशासन ने स्कूल बंद करने का फैसला लिया है।

