Home » Jamshedpur News: सोनारी में आमने-सामने दो बाइकों की टक्कर, जोमैटो डिलीवरी मैन की मौत

Jamshedpur News: सोनारी में आमने-सामने दो बाइकों की टक्कर, जोमैटो डिलीवरी मैन की मौत

by Mujtaba Haider Rizvi
जमशेदपुर एक्सीडेंट
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र के आशियाना गार्डन के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शनिवार को पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक जाहेर कॉलोनी का रहने वाला अंशु ठाकुर है। अंशु जोमैटो में डिलीवरी मैन के रूप में कार्यरत था और हादसे के वक्त डिलीवरी के लिए निकला हुआ था। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि काफी देर तक वह घायल अवस्था में तड़पता रहा।

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी दुर्घटना कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि हादसे के बाद मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी घायल युवक को फौरन अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। उनका कहना है कि यदि समय रहते सहायता मिल जाती तो शायद अंशु की जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों के अनुसार, दूसरी बाइक सोनारी के सरदार अखाड़ा क्षेत्र के युवक द्वारा चलाई जा रही थी। बाइक का मालिक लक्ष्मी दास बताया गया है, जबकि घटना के समय उसका दोस्त गौतम बाइक चला रहा था। हादसे के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और लोगों की असंवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल सोनारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों और दोनों बाइकों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

READ ALSO: JHARKHAND RIMS NEWS: रिम्स में अब नहीं होगी दवा की क्राइसिस, जानें क्या है प्रबंधन की तैयारी

Related Articles