Home » Jharkhand Theft-Loot Report: झारखंड में ज्वेलरी दुकानों पर अपराधियों का कहर, छह महीने में 17 करोड़ की लूट

Jharkhand Theft-Loot Report: झारखंड में ज्वेलरी दुकानों पर अपराधियों का कहर, छह महीने में 17 करोड़ की लूट

by Anand Kumar
Jharkhand jewellery shop robbery
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

The Photon News : रामगढ़ और जामताड़ा में इसी सप्ताह हुई ज्वेलरी दुकानों में लूट की सनसनीखेज वारदातों ने झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन ताजा घटनाओं के साथ यह साफ हो गया है कि राज्य में आभूषण कारोबारी अपराधियों के सबसे आसान और बड़े निशाने बन चुके हैं। बीते छह महीनों के भीतर झारखंड के दस जिलों में ज्वेलरी दुकानों में लूट और चोरी की कम से कम 15 बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें अब तक करीब 17 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात अपराधी उड़ा ले गए हैं।

रामगढ़ के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में 20 दिसंबर को पांच हथियारबंद लुटेरों ने एक ज्वेलरी दुकान से करीब तीन करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी लूट ली थी, जबकि इसी हफ्ते 24 दिसंबर को जामताड़ा के मुख्य बाजार कायस्तपाड़ा चौक पर बालाजी ज्वेलर्स में चार बाइक सवार बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों की ज्वेलरी लूटी और विरोध करने पर दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी।

ये दोनों वारदात राज्य में पिछले छह महीनों से जारी ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले अपराधियों की सिलसिले की कड़ी हैं। इस अवधि में हजारीबाग, जामताड़ा, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू, गिरिडीह, साहेबगंज, देवघर, गढ़वा और रामगढ़ समेत दस जिलों में कुल 15 बड़ी लूट और चोरी की घटनाएं हुई हैं, इन वारदातों ने व्यापारिक वर्ग में दहशत पैदा कर दी है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है, लेकिन लगातार हो रही इन सनसनीखेज घटनाओं ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई वारदातें दिनदहाड़े या थाना क्षेत्र से महज सौ-दो सौ मीटर की दूरी पर हुई हैं।

बीते छह महीनों की प्रमुख घटनाएं

24 दिसंबर 2025 : जामताड़ा शहर के मुख्य बाजार कायस्तपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में बाइक सवार चार अपराधियों ने धावा बोला। उन्होंने लाखों रुपये मूल्य की ज्वेलरी लूट ली तथा विरोध करने पर दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी।
24 दिसंबर 2025 : गढ़वा जिले के विशुनपुरा में एक ज्वेलरी एवं वस्त्र दुकान से लगभग 50 लाख रुपये की चोरी हुई। चोर फरार होने से पहले सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी साथ ले गए।
20 दिसंबर 2025 : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान पर पांच हथियारबंद लुटेरों ने हमला किया तथा करीब तीन करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूटकर फरार हो गए।
16 नवंबर 2025 : हजारीबाग के बरही चौक पर जय माता दी ज्वेलर्स के मालिक रविंद्र कुमार से हथियारबंद अपराधियों ने रात करीब नौ बजे लगभग पांच करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए। उस समय वे दुकान बंद करके जेवरों से भरा बैग कार में रख रहे थे।
01 नवंबर 2025 : साहेबगंज में तीनपहाड़ थाने से मात्र 100 मीटर की दूरी पर एक ज्वेलरी दुकान से 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी हो गए।
31 अक्टूबर 2025 : गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर संतोष ज्वेलर्स का शटर ताला एवं लॉकर तोड़कर अपराधियों ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
30 अक्टूबर 2025 : पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र में महालक्ष्मी ज्वेलर्स का शटर काटकर अपराधी लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।
25 अक्टूबर 2025 : गिरिडीह जिले के बेंगाबाद बाजार में एमवी ज्वेलर्स में सेंध लगाकर अपराधियों ने सोना-चांदी समेत 10 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए।07 सितंबर 2025 : रामगढ़ थाना क्षेत्र के सतकौड़ी नगर में होलसेल ज्वेलरी दुकान जीसी ज्वेलर्स से अपराधियों ने तीन लाख रुपये के जेवर लूट लिए।
03 सितंबर 2025 : जमशेदपुर के सोनारी डिस्पेंसरी रोड स्थित वर्द्धमान ज्वेलर्स में दिनदहाड़े छह अपराधियों ने कर्मचारियों की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर 36 लाख रुपये के जेवर लूट लिए।
02 सितंबर 2025 : हजारीबाग के बरकट्ठा में बैंक ऑफ इंडिया के पास ज्योति ज्वेलर्स से अपराधियों ने करीब 20 लाख रुपये के गहने एवं नकदी लूट ली।
30 जून 2025 : जमशेदपुर के चाकुलिया थाना क्षेत्र में बिरसा चौक के पास पिस्तौल के बल पर एक ज्वेलरी दुकानदार से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के सोना एवं नकदी लूट ली गई।
26 जुलाई 2025 : देवघर के पालोजोरी में एक ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर 3.65 लाख रुपये के गहने एवं नकदी चुराई गई।
23 जून 2025 : बोकारो के चास थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर आस्था ज्वेलर्स में चार अपराधियों ने घुसकर पांच करोड़ रुपये के जेवर एवं नकदी लूट ली।
21 जून 2025 : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाने से मात्र 150 मीटर दूर गांधी चौक पर रात के समय एक ज्वेलरी दुकान मालिक को निशाना बनाकर चोरों ने 30 लाख रुपये के जेवर चुरा लिए।

Read Also: IPS-Officers-Promotion-Jharkhand : झारखंड के 16 सीनियर IPS अधिकारियों को शीघ्र मिलेगी पदोन्नति

Related Articles