RANCHI (JHARKHAND): झारखंड हाई कोर्ट के नव नियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान मंगलवार को रांची पहुंचे। वे विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां हाई कोर्ट के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। जस्टिस चौहान बुधवार को राजभवन में सुबह 10 बजे राज्यपाल के समक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। अभी झारखंड हाई कोर्ट में वरिष्ठ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद कार्यवाहक चीफ जस्टिस के रूप में काम कर रहे हैं। त्रिपुरा हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एसएम रमेश राव के स्थानांतरण के बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पदभार जस्टिस प्रसाद संभाल रहे हैं। जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के शपथ लेने के बाद झारखंड हाई कोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश का पद भर जाएगा, जिससे न्यायिक कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजभवन और हाई कोर्ट में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बार काउंसिल के उपाध्यक्ष ने दी बधाई
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को बधाई दी है। उन्होंने आशा जताई है कि जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के कार्यकाल में झारखंड की न्यायपालिका और सुदृढ़ होगी और लोगों को त्वरित न्याय मिलेगा। झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस के बाद सबसे सीनियर जज थे। उन्होंने स्कूली शिक्षा शिमला से प्राप्त की है। चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से उन्होंने कानून की पढ़ाई की है। 1989 में हिमाचल प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में एडवोकेट के तौर पर उन्होंने दाखिला लिया था। हाईकोर्ट के अतिरिक्त जज के तौर पर 2014 में उन्हें पदोन्नत किया गया था। उसी साल उन्हें स्थायी न्यायाधीश भी नियुक्त किया गया था।
READ ALSO: RANCHI NEWS: बीच शहर में RMC ने बना दिया कचरा डंपिंग यार्ड, एमटीएस से लोग परेशान

