Jharkhand News : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माईकल जॉन ऑडिटोरियम के बाहर मंगलवार को उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब इंटरमीडिएट के दर्जनों स्टुडेंट्स ने झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को घेर लिया। छात्र दो महीने से कॉलेज में इंटर की पढाई बंद होने के कारण आक्रोशित थे और मंत्री से पढ़ाई शुरू कराने की गुहार लगा रहे थे।
स्टुडेंट्स ने कहा कि कॉलेज में इंटर की कक्षाएं बंद होने से उनकी पढ़ाई पूरी तरह से ठप हो गई है। परीक्षा की तैयारी नहीं हो पा रही, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों ने मंत्री से इस समस्या पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने स्टुडेंट्स को आश्वासन दिया कि इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे। लेकिन स्टुडेंट्स ने मंत्री की बातों को केवल “आश्वासन की राजनीति” बताया और उन पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की।
छात्रों का कहना था कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब मंत्री ने केवल वादा किया हो और बाद में कोई ठोस कदम न उठाया हो। उन्होंने कहा कि मंत्री छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे और सिर्फ औपचारिकता निभा रहे हैं। इसी बीच, शिक्षा मंत्री मीडिया के सवालों से बचते हुए कार्यक्रम स्थल से निकल गए। छात्र उस वक्त प्रदर्शन कर रहे थे, जब झारखंड के 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स को सम्मानित करने का कार्यक्रम चल रहा था।
इस कार्यक्रम में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, लेकिन बाहर सड़कों पर खड़े सैकड़ों छात्र अपनी शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की मांग कर रहे थे। छात्रों की यह नाराजगी झारखंड की शिक्षा व्यवस्था और सरकार की उदासीनता पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
Read also Jamshedpur News : छोटा गोविंदपुर में गौतम बुद्ध थीम पर तैयार होगा आकर्षक भव्य दुर्गा पूजा पंडाल

