Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटानगर रेलखंड से गुजरने वाले यात्रियों को अगले कुछ दिनों में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए 24 से 27 नवंबर 2025 तक कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है। इसका सीधा असर दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार टाटानगर-राउरकेला, टाटा-बड़ाम्पा, टाटा-गुवा, टाटा-बरकाकाना, टाटा-चेंदरापोशी, टाटा-हटिया सहित कई रूटों पर मेमू सेवाएं तय तिथियों में संचालित नहीं होंगी। कुछ ट्रेनें दो दिनों के लिए तो कई तीन दिनों तक रद्द रहेंगी। 24 नवंबर को टाटा-चेंदरापोशी मेमू भी नहीं चलेगी।
इसके साथ ही चक्रधरपुर-राउरकेला, राउरकेला-झारसुगुड़ा, झारसुगुड़ा-संबलपुर, बरमपदा-बकसाय, हटिया-राउरकेला, राउरकेला-हटिया मार्गों की कई मेमू और पैसेंजर सेवाएं भी 25 से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी। जगन्नाथपुर-पुरुलिया मेमू भी तीन दिन बंद रहेगी।
रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों के टाटानगर पर निर्भर रहने के कारण रद्द सेवाओं का व्यापक असर पड़ने की संभावना है।

