रांची : झारखंड के मौसम को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य में बीते कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, जिससे दोपहर के समय कड़ी धूप और उमस से लोग परेशान थे। लेकिन, सोमवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ली और राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने संकेत दिया है कि आज और कल कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। विशेष रूप से बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में बादलों की आवाजाही अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।

इन जिलों में आज भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हजारीबाग, लोहरदगा, लातेहार, रांची, खूंटी, गुमला, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, कोडरमा और रामगढ़ जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। अगले 24 से 48 घंटों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर, झारखंड में बढ़ी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव झारखंड पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इस सिस्टम के कारण नमी युक्त हवाएं राज्य की ओर बढ़ रही हैं, जिससे बादलों की सक्रियता में इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने संकेत दिया है कि आज और कल कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। विशेष रूप से बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में बादलों की आवाजाही अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।
रांची और जमशेदपुर में तेज हवाएं, IMD का येलो अलर्ट
राजधानी रांची के अलावा जमशेदपुर, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गरज और वज्रपात की आशंका भी जताई है। सोमवार की शाम करीब 7 बजे रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने की घटनाएं भी सामने आईं। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया।
Read Also- Jharkhand Budget 2026-27 Today : आज विधानसभा में पेश होगा झारखंड का बजट

