Home » Kapali Student Death : सरायकेला के कपाली में छात्र की हत्या से हड़कंप, परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

Kapali Student Death : सरायकेला के कपाली में छात्र की हत्या से हड़कंप, परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

by Mujtaba Haider Rizvi
Kapali Student Death
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र के इस्लामनगर में शनिवार को हत्या की एक वारदात हुई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। बीते दो दिनों से लापता 14 वर्षीय छात्र मोहम्मद साबिर का शव बरामद हुआ है। जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का कहना है की छात्र की हत्या कर शव फेंका गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोहम्मद साबिर जमशेदपुर के मानगो स्थित बावनगोड़ा कबीरिया स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, मोहम्मद साबिर 25 दिसंबर से रहस्यमय हालात में लापता हो गया था। परिवार ने 26 दिसंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन, आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

मृतक के पिता मोहम्मद समीर का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस सक्रिय होती, तो शायद उनके बेटे की जान बचाई जा सकती थी। बेटे का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा है। मां बदहवास हैं और पिता बार-बार न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

पिता ने रोते हुए कहा, “हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चे को पढ़ा रहे थे, उसका भविष्य संवारने का सपना था, लेकिन अब सब खत्म हो गया। हमें इंसाफ चाहिए।”

इस घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद अगर पुलिस ने तत्परता दिखाई होती, तो यह हादसा टल सकता था।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव किन परिस्थितियों में मिला, मौत का कारण क्या है, यह हत्या है या कोई और साजिश—इन सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Read Also- Jharkhand-New-DGP-News : नए साल में झारखंड को मिलेंगे नए डीजीपी, अन्य IPS अधिकारियों को भी मिलेगी प्रोन्नति

Related Articles