
रांची : रविवार की शाम खलारी के सुभाषनगर से अचानक गायब हुए तीन बच्चों के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पलामू के हुसैनाबाद स्टेशन से तीनों बच्चों को सही-सलामत बरामद कर लिया गया है। मासूमों को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी रंजीत सिंह को पुलिस ने धर दबोचा है।
तलाश के दौरान पुलिस के सामने कोई सीधा रास्ता नहीं था, लेकिन खाकी की मुस्तैदी और एक के बाद एक मिलते सुरागों ने इस गुत्थी को सुलझा दिया।
धुंधला चेहरा और ट्रेन का शक
सबसे पहले इलाके के सीसीटीवी खंगाले गए। पुराने थाने के पास लगे कैमरे में एक अज्ञात शख्स बच्चों के साथ जाता दिखा। चेहरा साफ नहीं था, पर पुलिस ताड़ गई कि मामला रेल मार्ग से जुड़ा हो सकता है।
टीम रेहला स्टेशन पहुंची। वहां ट्रेन में सफर कर रही सब्जी बेचने वाली एक महिला ने बताया कि उसने इस शख्स को बच्चों के साथ हैदरनगर जाने की बात करते सुना था।
स्केच और मौसी का कनेक्शन
हैदरनगर के एक आभूषण दुकान के फुटेज से संदिग्ध का स्केच बनवाकर हर तरफ फैलाया गया। इसी दौरान पुलिस को खबर मिली कि यह लड़का हाल ही में जेहलीटांड़ में अपनी मौसी के घर आया था। मौसी से पूछताछ हुई तो आरोपी का नाम रंजीत सिंह सामने आया।
फोन कॉल और हुसैनाबाद में गिरफ्तारी
मौसी ने जब रंजीत के घर फोन किया, तो पता चला कि बच्चे वहीं हैं। पुलिस जब तक वहां दबिश देती, आरोपी बच्चों को लेकर हुसैनाबाद स्टेशन पहुंच चुका था। हालांकि, मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे स्टेशन से ही दबोच लिया।
बच्चों को किस नीयत से ले जाया गया था, इसका खुलासा आरोपी से पूछताछ के बाद होगा। पुलिस की इस फुर्तीली कार्रवाई और सूझबूझ की पूरे इलाके में तारीफ हो रही है।

