खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बगिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। दोनों बच्चे आरसी टोली के रहने वाले थे और बगिया गांव स्थित तालाब में नहाने गए थे, जहां यह दुखद घटना घटी।
Khunti Drowning News :मृतकों की पहचान और घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 6 वर्षीय विल्फ्रेड मड़की और 7 वर्षीय आशीष केरकेट्टा के रूप में हुई है। दोनों बच्चे रविवार की दोपहर खेत में कीचड़ में खेलते देखे गए थे। इसी दौरान रनिया पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने बच्चों को देखकर उन्हें खेलने से रोका और वापस घर जाने को कहा। पुलिस के जाने के बाद दोनों बच्चे फिर से खेत की ओर लौटे और वहीं पास के तालाब में नहाने चले गए, जिसके बाद वे लापता हो गए।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बगिया गांव में एक वृद्ध की मृत्यु होने के कारण अधिकांश ग्रामीण रविवार को उनके घर पर मौजूद थे। जब परिजन और ग्रामीण वापस लौटे, तो बच्चों की खोजबीन शुरू हुई, लेकिन वे नहीं मिले। सोमवार की सुबह, ग्रामीणों ने तालाब में बच्चों के शव उतराते हुए देखे, जिसके बाद रनिया थाना को सूचना दी गई।
Khunti Drowning News : पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास जायसवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि तालाब में डूबने से दो बच्चों की मृत्यु हुई है। रविवार को ग्रामीणों और पुलिस ने बच्चों को खेलने से रोका था, लेकिन वे फिर से तालाब चले गए। यह घटना पूरे इलाके के लिए अत्यंत दुखद है।
स्थानीय ग्रामीणों में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना से रनिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक का माहौल है। दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से बातचीत कर रही है।
Read Also- Jharkhand Agniveer death : बोकारो में तालाब में डूबकर अग्निवीर में चयनित युवक की मौत

