कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में सोमवार सुबह एक खेत से व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत झुमरीतिलैया-जयनगर मुख्य मार्ग स्थित लाराबाद के समीप एक ढाबे के पीछे खेत में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रामजी यादव (55) के रूप में हुई है। वह कोडरमा थाना क्षेत्र के गहराई गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच में सल्फास की गोली खाने से खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा शव
सुबह पिपराडीह गांव के कुछ ग्रामीण टहलने के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। जब ग्रामीण पास पहुंचे तो देखा कि व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और मामले की सूचना तुरंत कोडरमा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।
घटनास्थल से सल्फास की गोली और सामान बरामद
पुलिस जांच के दौरान खेत से मृतक का शर्ट, चप्पल, पानी की बोतल और सल्फास की गोली का एक डब्बा बरामद किया गया है। पुलिस को गोली का आधा टूटा हुआ हिस्सा भी मिला है, जिसके बाद खुदकुशी की आशंका और गहरा गई है।
स्थानीय लोगों का क्या कहना है
स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः रामजी यादव ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कई लोगों से पूछताछ जारी
सदर थाना पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले मृतक की गतिविधियां क्या थीं।

