कोडरमा: घर में बिटिया की सगाई की तैयारी चल रही थी। लोग काफी खुश थे। नाते-रिश्तेदारों को निमंत्रण दे दिया गया था। लेकिन ऐसा हुआ जिसकी परिवार वालों ने ने कल्पना भी नहीं की थी। जिसे सजा संवारकर ससुराल भेजने की तैयारी थी, वह इस दुनिया को छोड़कर चली गई। युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार वालों के अरमानों पर पानी फिर गया। जश्न का माहौल मातम में तब्दील हो गया।
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया बस्ती टीनवाटांड़ में गुरुवार को 19 वर्षीया युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान शिबू कुमारी (19) पिता प्रकाश चंद्रवंशी के रूप में हुई है। वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी। परिवार में उसके दो भाई हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली युवती
परिजनों के अनुसार बुधवार की रात शिबू ने परिवार के साथ खाना खाया और रोज की तरह घर का काम निपटाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह जब उसके पिता प्रकाश चंद्रवंशी उसे जगाने के लिए कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद घर के पीछे की ओर जाकर खिड़की से झांककर देखा गया तो युवती कमरे के अंदर छत से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। यह दृश्य देखते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। स्वजनों ने कमरे के वेंटिलेटर को तोड़कर छोटे बेटे को अंदर भेजा और दरवाजा खुलवाया। आनन-फानन में युवती को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सोमवार को होनी थी सगाई
परिजनों ने बताया कि शिबू की शादी हजारीबाग में तय हुई थी और आगामी सोमवार को उसकी सगाई होने वाली थी। घर में इसको लेकर तैयारियों की चर्चा चल रही थी, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read Also- RANCHI FOOD SAFETY: 12 फूड सेफ्टी ऑफिसर के हाथों में होगी सिटी की कमान, मिलेगा लोगों को हाइजीनिक फूड

