Latehar: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोधा गांव जा रही एक बस ओरसा घाटी में रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर घाटी की तरफ जा कर पलट गई। इस सड़क हादसे में बस पर सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि, 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से कुछ लोग शादी-विवाह के रिश्ते को लेकर लोधा गांव जा रहे थे। यह लोग बस से जा रहे थे। बताते हैं कि ओरसा घाटी के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विपिन कुमार दुबे अधिकारियों को लेकर मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसडीएम ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। पांच लोगों के मौत की बात कही जा रही है। हालांकि अभी इसकी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर बस कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुई।

