Latehar: अराजकतत्वों ने गुरुवार को लातेहार व्यवहार न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। यह धमकी ईमेल के जरिए कोर्ट के अधिकारियों को मिली है। इसके बाद कोर्ट के अधिकारियों ने मामले की सूचना लातेहार पुलिस को दी।
कोर्ट परिसर की ली गई सघन तलाशी
कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी की जानकारी मिलते ही लातेहार एसपी कुमार गौरव सक्रिय हो गए। उन्होंने फौरन पुलिस को जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी डाग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता लेकर कोर्ट पहुंच गए। कोर्ट परिसर में सघन सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन, कहीं से भी कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। इस मामले में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली है। कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
कई जिलों में दी जा चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इसके पहले रांची, धनबाद और हजारीबाग कोर्ट परिसरों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। जमशेदपुर में एक्सएलआरआई शिक्षण संस्थान को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यहां ईमेल भेजने वाले ने कहा था कि एक्सएलआरआई में साइनाइड बम लगा दिए गए हैं। परिसर को फौरन खाली करा लो। वरना उड़ा दिया जाएगा। पुलिस ने इन सभी जगह पर तलाशी ली। लेकिन कहीं कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि कोई अराजकतत्व पुलिस को परेशान करने के लिए धमकी भरे ईमेल भेज रहा है। लेकिन सवाल यह है कि 15 दिनों से यह सिलसिला जारी है। आज तक पुलिस उन अराजकतत्वों को नहीं गिरफ्तार कर पाई, जो बराबर यह ईमेल भेज रहा है। इसमें रांची, हजारीबाग, धनबाद आदि जिलों की पुलिस की नाकामी सामने आ रही है।

