लातेहार : जिले के मनिका थाना क्षेत्र के कोपे गांव के पास जंगल में युवक एवं युवती का शव पेड़ से झूलता पाया गया। शुक्रवार को कुछ ग्रामीण जंगल गए थे। वहां पेड़ दोनों के शव झूलते देख उनके होश उड़ गए। उन लोगों ने गांव वालों को सूचना दी । काफी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। गांव वालों ने ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस मृतक के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है। कुछ ग्रामीणों का कहना था कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। लेकिन युवक की शादी कुछ माह पहले ही हो गई थी। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
गांव में घटना को लेकर चर्चा जोरों पर चल रही है। युवक के ससुराल वालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार अभी दोनों परिवार गहरे सदमे में है। अभी कोई कुछ बताने से परहेज कर रहा है।

