Latehar : नेतरहाट थाना क्षेत्र के दौना गांव में एक बुजुर्ग को डायन का आरोप लगाकर घिनौना कृत्य करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इस अमानवीय कृत्य के लिए गांव के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा कि मामला सुलझा दिया गया है। पीड़ित के पुत्र ब्रजेश मुंडा ने बताया कि मंगलवार को गांव के लगभग 15 लोगों ने बैठक बुलाई। बैठक में उनके पिता पर डायन होने का आरोप लगाया गया और कहा गया कि इसी कारण उनकी पत्नी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई। आरोप है कि बैठक में मौजूद छतना मुंडा, धनेश्वर मुंडा और कृष्णा मुंडा प्रमुख थे। उन लोगों ने मिलकर उनके पिता को जबरन पेशाब और पाखाना मिलाकर पिलाया। ब्रजेश ने कहा कि वह भी बैठक में मौजूद था। उन्होंने विरोध किया, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। आरोपियों ने वृद्ध की पत्नी हीना देवी को भी मैला पिलाने की कोशिश की, लेकिन उसने विरोध किया। इसी बीच गांव की जलसहिया हीना देवी ने इस कृत्य का विरोध किया तो कथित रूप से कृष्णा मुंडा ने उस पर हाथ उठाया और उन्हें बैठक से भगा दिया। जलसहिया के पति वीरेंद्र सिंह ने भी बताया कि उनकी पत्नी ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन उन्हें भी मारपीट कर बैठक से निकाल दिया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार बुधवार को नेतरहाट थाना पहुंचा, जहां उन्हें समझा‑बुझाकर वापस भेज दिया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के आरोप और कृत्य से मानवता को ठेस पहुंची है। प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
कोट
दौना गांव में हाल ही में हुए बैगा चुनाव को लेकर कुछ विवाद हुआ था। विवाद को प्रशासनिक हस्तक्षेप से सुलझा दिया गया। मैला पिलाने जैसी कोई बात नहीं हुई है। – अभिषेक कुमार, थाना प्रभारी, महुआडांड़

