लातेहार : लातेहार में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। बारियातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रैक्टर चलाकर 30 एकड़ में लगी अफीम की अवैध खेती को नष्ट कर दिया और तस्करों को साफ संदेश दे दिया कि जिले में नशे की खेती को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।इस अवैध खेती पर की गई कार्रवाई को नशा तस्करों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है कि जिले में किसी भी हाल में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक का क्या कहना है
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर यह एक्शन लिया गया है। उन्होंने बताया कि बालुभांग पंचायत के अंतर्गत श्रीसमाद, बेलवाटिकर और सोहगरा गांवों में वन भूमि और गैर-मजरूआ जमीन पर बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जाने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गौरव ने बताया कि इसके बाद बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। मनातू पिकेट की टीम के साथ पुलिस बल ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचा और व्यापक अभियान शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के साथ यह भी संकेत दिया गया है कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। गुप्त सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है, ताकि समय रहते नशे से जुड़े अवैध कार्यों पर कार्रवाई की जा सके।
इस तरह से नष्ट की गई अफीम की फसल
पुलिस टीम ने अभियान के दौरान करीब 30 एकड़ में लगी अफीम की अवैध फसल को ट्रैक्टर से जोतकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। खेतों में लहलहाती पोस्ता की खेती को देखकर साफ था कि यह संगठित तरीके से और बड़े नेटवर्क के जरिए की जा रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल देखा गया।
अब नेटवर्क की पहचान में जुटी पुलिस
अफीम की फसल नष्ट करने के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। पुलिस उन लोगों की पहचान में जुट गई है, जो इस अवैध खेती में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल थे। इसमें जमीन उपलब्ध कराने वाले, खेती में सहयोग करने वाले, खरीद-बिक्री से जुड़े बिचौलिये और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
लातेहार पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जिले में नशे की खेती, खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अफीम की अवैध खेती न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि युवाओं और समाज को नशे की ओर धकेलने वाला गंभीर अपराध भी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो लोग अभी भी अफीम या अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती में शामिल हैं, वे स्वयं इसे नष्ट कर दें। यदि भविष्य में इस तरह की खेती या कारोबार पकड़ा गया, तो संबंधित लोगों को कड़ी सजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।

