
Lohardaga : जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 65 वर्षीय मोपेड सवार मुर्गी व्यवसायी की मौत हो गई। चेटर मोड़ के समीप तेज रफ्तार कार ने मोपेड को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। मृतक की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के गुड़ी गांव निवासी स्वर्गीय शेख सुधु के पुत्र शेख सज्जन उर्फ इसराइल अंसारी (65 वर्ष) के रूप में हुई है।
वह वर्षों से गांव-गांव घूमकर देशी मुर्गियों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जाता है कि मंगलवार को भी शेख सज्जन कुडू थाना क्षेत्र के मकांदू और आसपास के गांवों से देशी मुर्गियां खरीदकर मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चेटर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेजा। जहां पर पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने शव को स्वजनों को सौंप दिया। इधर, हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के बाद मौके पर फरार कार और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Lohardaga News : लोहरदगा में NIA की ताबड़तोड़ छापेमारी, दरबाजा नहीं खुला तो क्रेन के सहारे अंदर घुसी

