लोहरदगा: पुलिस ने सेन्हा थाना क्षेत्र के किसान ईंट भट्ठा से बरामद शमशेर अंसारी के शव मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तीन दिसंबर को रामनगर स्थित ईंट भट्ठा परिसर में हुई थी, जहां मिट्टी डंपिंग के पास शमशेर अंसारी (40) का शव मिला था। मृतक अर्रु गांव निवासी सलामत अंसारी का बेटा था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।
कैसे हुआ मामला उजागर?
डीएसपी समीर तिर्की के नेतृत्व में सेन्हा थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और साक्ष्यों के आधार पर इस मामले की जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने कुडू थाना क्षेत्र के विश्रामगढ़ निवासी सेनामूल अंसारी उर्फ चरकू और जेसीबी चालक जबीउल्लाह अंसारी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में पता चला कि मृतक शमशेर अंसारी जेसीबी से मिट्टी का काम करवा रहा था। इसी दौरान, शमशेर और जबीउल्लाह के बीच जेसीबी में ही बहस हो गई। शमशेर जब जेसीबी से उतरकर जाने लगा, तभी लोडर मशीन से उसके सिर पर चोट लग गई। इससे शमशेर की मौके पर ही मौत हो गई।
शव छिपाने का प्रयास
चालक और सहचालक ने घटना के बाद शव को छिपाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद दोनों आरोपी जेसीबी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस की सख्त पूछताछ में जबीउल्लाह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
सेन्हा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों सेनामूल अंसारी और जबीउल्लाह अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में उपयोग हुई जेसीबी को भी जब्त कर लिया है।
Read Also : सेना की जमीन की अवैध बिक्री: झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

