लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अप्रैल की तपिश के बीच मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार की शाम से कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
शनिवार को मेरठ में 16.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं हरदोई में 17°C, लखीमपुर खीरी में 18.4°C, फतेहपुर में 18.6°C, शाहजहांपुर में 18.8°C और बरेली में 19.3°C न्यूनतम तापमान रहा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
13 अप्रैल को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल गरजने, बिजली चमकने और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है।
गर्मी का असर अब भी बरकरार
हालांकि बारिश ने राहत दी है, लेकिन ताप सूचकांक (Heat Index) अब भी कई जिलों में 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो लू जैसे हालात दर्शाता है। खासकर प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, जौनपुर, लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, सुल्तानपुर, अयोध्या और आगरा में लू का असर महसूस किया जा सकता है।
इन जिलों में ताप सूचकांक 40-50 डिग्री के बीच
सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बरेली, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा, जहां हीट इंडेक्स 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पूर्वानुमान : तापमान में फिर होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद यह धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटों तक स्थिरता के बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभव है।
18 अप्रैल तक बारिश की संभावना
14 से 17 अप्रैल के बीच प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 अप्रैल तक बारिश का यह सिलसिला रुक-रुक कर जारी रह सकता है।

