Jamshedpur : चुनाव समाप्त होने के दूसरे ही दिन सामाजिक कार्यकर्ता आफताब अहमद सिद्दीकी ने मानगो नगर निगम की पहली निर्वाचित अध्यक्ष सुधा गुप्ता से मुलाकात कर वार्ड नंबर दो की मूलभूत समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन उन्हें सौंपा। यह ज्ञापन उन्होंने अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय जाकर दिया और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि आफताब अहमद सिद्दीकी के समर्थित प्रत्याशी जिबरान आफताब सिद्दीकी वार्ड नंबर दो से सम्मानजनक मत प्राप्त करने के बावजूद अपना पहला चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद उन्होंने चुनावी परिणामों से ऊपर उठकर क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर पहल की है।
ज्ञापन में वार्ड नंबर दो के अंतर्गत कई गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया है। गुलाब बाग क्षेत्र में सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर बताई गई है। यहां नाली की व्यवस्था नहीं होने से घरों का पानी सड़क पर बहता है। एनएच कॉलोनी चेपा पुल में एक क्रॉस रोड का निर्माण अब भी अधूरा है। इकरा कॉलोनी और समता नगर में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
सहारा सिटी में बड़ी संख्या में मुस्लिम आबादी होने के बावजूद नमाज की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। ज्ञापन में बिल्डर से समन्वय कर नमाजगाह की व्यवस्था कराने में नगर निगम की मेयर से सहयोग की मांग की गई है। वहीं बारी कॉलोनी और समता नगर को जोड़ने वाली सड़क की हालत खराब बताई गई है, साथ ही एक टूटा हुआ बिजली पोल कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
इसके अलावा पूरे वार्ड में सुरक्षा के मद्देनजर सार्वजनिक चौक-चौराहों पर हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाने, स्कूली बच्चों के लिए एक लाइब्रेरी की स्थापना, नियमित सफाई व्यवस्था और महिलाओं के लिए सामूहिक आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता भी बताई गई है।
आफताब अहमद सिद्दीकी ने उम्मीद जताई है कि मानगो नगर निगम अध्यक्ष सुधा गुप्ता इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर वार्डवासियों को राहत दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगी।
Read also Jamshedpur kidnapping : कदमा से किशोरी का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

