Medininagar (Palamu/Jharkhand) : स्वस्थ और सुरक्षित खाद्य प्रणाली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पलामू जिले के मेदिनीनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को एक बड़ा अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस औचक निरीक्षण में कई खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान, बाईपास रोड स्थित रोहन चाऊ फैक्ट्री में घोर गंदगी और स्वच्छता मानकों की अनदेखी पाई गई। इसके बाद, खाद्य सुरक्षा अधिनियम का पालन न करने पर फैक्ट्री का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया और उत्पादन बंद करने का निर्देश दिया गया।
मिलावट और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण टीम ने अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की। आरएन फूड प्वाइंट एंड रेस्ट हाउस में साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर 2,000 रुपए जुर्माना लगाया गया। यहां से लिए गए पनीर के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अलावा, लकी भोजनालय और राज बिरयानी को भी अपनी व्यवस्था में सुधार लाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलें।

