नई दिल्ली/PM Letter: आज से एक दिन बाद यानि शुक्रवार 19 अप्रैल को देश के 21 राज्यों में कुल 102 लोकसभा सीटों पर मतदान होने वाला है। इन लोकसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए आज प्रचार अभियान भी समाप्त हो गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने पहले चरण में चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के सभी उम्मीदवारों को पत्र लिखा है। उम्मीदवारों को लिखे इस पत्र में पीएम मोदी ने शुभकामना संदेश दिया है। उन्होंने पत्र को कुछ इस अंदाज में लिखा है, ताकि निर्वाचन क्षेत्र में हर किसी तक उनका संदेश पहुंच सके।

PM Letter: मोदी ने पत्र में क्या लिखा
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि “आप सभी को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं, आशा करता हूं कि आप सब कुशल मंगल होंगे। दोस्तों, भाजपा के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में मैंने आपको हमेशा कड़ा परिश्रम करते हुए देखा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि संसद में आप जनता जनार्दन का भरपूर आशीर्वाद लेकर आएंगे”, उन्होंने आगे लिखा कि नई सरकार में हम सब एक साथ मिलकर देशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। आप जैसे ऊर्जावान साथी मुझे संसद में मजबूती प्रदान करेंगे।
इस पत्र में उन्होंने उम्मीदवारों को जीत का भरोसा दिलाया है। प्रधानमंत्री ने अपने इस पत्र में लिखा है कि आप सभी जनता के आशीर्वाद से संसद पहुंचेंगे। उन्होंने ये भी लिखा है कि हमें मिलने वाला एक-एक मत मजबूत सरकार की ओर बढ़ता कदम होगा।
पीएम ने कहा, ये कोई आम चुनाव नहीं
उम्मीदवारों को लिखे इस पत्र में पीएम मोदी ने लिखा-लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से मैं विनम्र भाव से कहना चाहता हूं कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि यह चुनाव हमारे वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने लिखा इस बार हमें मिलने वाला आपका हर एक वोट मजबूत सरकार बनाने और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रयासों को गति देने वाला साबित होगा।
मोदी ने दी गारंटी 24×7 फॉर 2047
उन्होंने लिखा- चुनाव से पहले के आखिरी घंटे बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए मेरा सभी कार्यकर्ता साथियों से अनुरोध है कि वे अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें। पीएम मोदी ने मतदाताओं से भी अपील की है कि वह गर्मी और दूसरी असुविधाओं को बर्दाश्त करते हुए राष्ट्र निर्माण का यह मौका न गवाएं। मेरी ओर से सभी मतदाताओं को गारंटी देना है कि मोदी का पल-पल देशवासियों के नाम है। आपको चुनाव में विजयी होने की शुभकामनाएं। आखिर में उन्होंने लिखा, मोदी की गारंटी है कि 24×7 फॉर 2047, आपका नरेंद्र मोदी।
READ ALSO : तेजस्वी ने अखबारों में छपवाए विज्ञापन, तस्वीर के साथ अखबारों में छपा ‘आपने किया है आप ही करेंगे’

