भारत में नवरात्रि पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। एक ओर जहां मंदिरों और पंडालों में देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ लोग गरबा और डांडिया में रमे हुए हैं। इस बीच पाकिस्तान से भी नवरात्रि का एक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। मुस्लिम बहुल देश होने के बावजूद, वहां बसे हिंदू समुदाय के लोग अपने धार्मिक उत्सवों को शांति और उल्लास के साथ मना रहे हैं।
कुछ ऐसे होती है पाकिस्तान की नवरात्रि
यह वीडियो पाकिस्तान के कराची का है जिसे पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर धीरज मंधन ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कैसे कराची में हिंदू पर्व नवरात्रि लोगों के बीच सद्भाव से मनाया जा रहा है। लाइट्स की लड़ियों से सजी कराची की गलियां और जगह जगह मां दुर्गा की तस्वीरें, गरबा और डांडिया करती महिलाएं और बच्चे, मंदिरों में बजती घंटिया, पाकिस्तान के एक नए पहलू को दिखाता है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पाकिस्तान में भी नवरात्रि को हर्षोल्लाष से मनाया जाता है। अब तक इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और यह काफी वायरल है।

पाकिस्तान का वो एरिया जहां है मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च
इसी के साथ धीरज ने लिखा, “डे 4 इन कराची पाकिस्तान। अगर मैं कहूं कि यहां एक एरिया है जहां आपको मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च वाकिंग डिस्टेंस पर मिल जाएंगे और जहां के लोग शांति और सद्भावना में विश्वास रखते हैं। इस एरिया को कई लोग मिनी इंडिया भी कहते हैं पर मैं कहूंगा कि ये हमारा पाकिस्तान है। ये पहली दफा है जब मैंने यहां पहली बार जादुई, मन मोह लेने वाली और उत्सुकता से भरी नवरात्रि देखी है। सारे लोग खुश थे, मुस्कुरा रहे थे और त्योहार मना रहे थे।

पाकिस्तान के नवरात्रि वाले इस वीडियो ने कई भारतीयों वा अन्य का दिल छू लिया है। लोगों ने इसपर मिक्स्ड रिएक्शंस दिए हैं। कुछ ने पाकिस्तानी हिंदुओं को नवरात्रि कि शुभकामनाएं दी है तो कुछ ने इस वीडियो पर तंज भी कसा है। एक ने लिखा, “ये वो पाकिस्तान है जिसे मैं देखना चाहता हूं- विविध, शांतिपूर्ण और एकता। ” एक अन्य ने लिखा, “इस एकता को देखना कितना खूबसूरत है। ये मुझे उम्मीद देता है। ” एक और यूजर ने लिखा, “कराची सरप्राइजेस से भरा हुआ है। यहां त्योहार की भावना जिंदगी से भरी हुई है।”

बहरहाल, पड़ोसी मुल्क में नवरात्रि सेलिब्रेशन का यह वीडियो त्योहार के इस अवसर पर खुशियां लेकर आई है।
इससे पहले न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भी पहली बार नवरात्रि सेलिब्रेशन हुआ। कई लोगों ने इस खास लम्हे को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया है। विदेशों में दुर्गा पूजा की ये धूम देखते ही बनती है।

