Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई है। डंपर चालक केबिन में ही फंस गया था। उसे बड़ी मुश्किल से निकाल कर एमजीएम अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे ट्रक का चालक एमजीएम अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
बताते हैं कि सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सुखिया बस्ती का रहने वाला रोशन सिंह डंपर चलाता था। वह डंपर लेकर जमशेदपुर से चांडिल की तरफ जा रहा था। तभी कांदरबेड़ा- डोबो रोड पर सामने से आ रहे तोजरफ्तार ट्रक ने डंपर को टक्कर मार दी। इस हादसे में डंपर का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रोशन सिंह डंपर की केबिन में ही फंस गया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से केबिन में फंसे रोशन सिंह को किसी तरह बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक उनकी मौत हो गई थी। जबकि दूसरी ट्रक का चालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दोनों ट्रकों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

