लखनऊ : अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर देश की सभी पार्टियों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। एक तरफ जहां बीजेपी की नेतृत्ववाली एनडीए है तो दूसरी तरह उसे हराने के लिए विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन बनाया है। हालांकि इसके अलावा भी देश में ऐसी कई पार्टियां है जो इन दोनों गठबंधन में शामिल नहीं है।

एनडीए व इंडिया गठबंधन गरीब विरोधी व जातिवादी
बहुजन समाज पार्टी उसी में से एक है। हालांकि पहले बसपा के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन बसपा सुप्रीमो मायवती ने फिलहाल इस बार अकेले लड़ने का एलान कर दिया है। यही नहीं उन्होंने एनडीए और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए दोनों ही गठबंधन पर गरीब विरोधी होने के साथ ही जातिवादी होने का आरोप लगाया है।

बसपा सुप्रीमो ने एक्स (ट्विटर) पर सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए एनडीए और इण्डिया गठबंधन पर बड़ा आरोप लगाया है। मायावती का कहना है कि एनडीए और इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियां जातिवादी और सांप्रदायिक होने के साथ ही पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं। जिनकी नीतियों के खिलाफ बसपा हमेशा संघर्ष करती रहेगी और वह किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होंगी।
पुराने फार्मूले पर चुनाव लड़ेगी बसपा :
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि वह अपने पुराने फार्मूले पर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में वह किसी के संग मिलकर किसी प्रकार की कोई जुगाड़ या जोड़तोड़ की राजनीति करने के बजाए समाज के बिखरे समाज को भाईचारे के आधार पर जोड़ने का काम करेगी। उनका कहना है कि वह साल 2007 की तरह आगामी लोकसभा चुनाव में अकेले ही चुनाव लड़ने जा रही है।

इंडिया बसपा से गठबंधन के लिए आतुर:
मायावती ने कहा कि आज इंडिया गठबंधन उनकी पार्टी को गठबंधन में शामिल करने के लिए परेशान हैं। लेकिन जब हम उसमें शामिल नहीं हो रहे हैं तो वे इंडिया गठबंधन वाले बसपा को बीजेपी से मिलीभगत का आरोप लगा रहा है। उन्होंने ऐसा करने पर इंडिया गठबंधन को खिसियानी बिल्ली तक बता दिया है। मायावती का कहना है कि इंडिया गठबंधन से मिल जाएं तो सेक्युलर न मिलें तो भाजपाई।
READ ALSO : ‘इंडिया’ की बैठक के लिए मुंबई पहुंचीं ममता बनर्जी, लालू व तेजस्वी

