
Palamu : पलामू जिले में मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के के छह मुहान चौक पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक का नाम अशोक पासवान है। वह सुबह करीब सात बजे घर से छह मुहान चाय पीने पैदल जा रहे थे, तभी रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताते हैं कि घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी तादाद में मौके पर जुट गए। लोगों ने फौरन ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नगर निगम कर्मियों के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा।
मृतक लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दुमी गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 30 सालों से धोबी मोहल्ला में प्रदीप कुमार के घर पर रह रहे थे। वह प्रधान डाकघर के सामने मिठाई की दुकान में काम करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अशोक रोज की तरह सुबह चाय पीने के लिए छह मुहान पहुंचे थे। तभी गैस सिलेंडर लदा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और उन्हें टक्कर मार दी।दुकान मालिक प्रदीप कुमार ने बताया कि अशोक उनके यहां तीन दशक से काम कर रहे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

