जमशेदपुर : शिक्षेकत्तर कर्मचारी संघ, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष चैतन्य शिरोमणी के नेतृत्व में, आपसी सहमति से विश्वविद्यालय के शिक्षेकत्तर कर्मचारियों के लिए पहाड़भांगा पिकनिक स्पॉट में पिकनिक का आयोजन किया। यह आयोजन पूर्णतः मनोरंजनात्मक, सौहार्दपूर्ण एवं पारस्परिक समन्वय के उद्देश्य से संपन्न हुआ।
इस पिकनिक में विश्वविद्यालय के परमानेंट, वोकेशनल, आउटसोर्सिंग एजेंसी तथा सेवानिवृत्त कार्यरत शिक्षेकत्तर कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में जयकिशोर प्रसाद, तपन पात्रा, भीमसेन पूरन एवं चैतन्य शिरोमणी ने अग्रणी भूमिका निभाई।
उक्त आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के शिक्षेकत्तर कर्मचारियों के मध्य आपसी सौहार्द, सहयोग, पारस्परिक समझ तथा सामूहिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। उल्लेखनीय है कि शिक्षेकत्तर कर्मचारी निरंतर निष्ठा, परिश्रम एवं समर्पण के साथ विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं दैनिक कार्यों के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। ऐसे में यह एक दिवसीय आयोजन उनके मानसिक उत्साहवर्धन, सकारात्मक ऊर्जा के संचार एवं कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए एक सराहनीय एवं सार्थक पहल सिद्ध होगा।
इस पिकनिक के माध्यम से कर्मचारियों को दैनिक कार्यदबाव से अल्पकालिक विश्राम प्राप्त हुआ, जिससे उनमें नवीन ऊर्जा, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं कार्य के प्रति और अधिक प्रतिबद्धता देखने को मिलेगी। कार्यक्रम को विश्वविद्यालय की गरिमा, अनुशासन एवं मर्यादा को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया गया।
शिक्षेकत्तर कर्मचारियों का मानना है कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजनों से न केवल आपसी संबंध प्रगाढ़ होते हैं, बल्कि विश्वविद्यालय परिवार की भावना भी और अधिक सुदृढ़ होती है।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में शिक्षेकत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों के साथ-साथ पहली बार वोकेशनल, आउटसोर्सिंग एजेंसी के अंतर्गत कार्यरत तथा सेवानिवृत्त शिक्षेकत्तर कर्मचारी भी एक मंच पर एकजुट हुए, जिससे आपसी समन्वय एवं संगठनात्मक एकता को नया आयाम प्राप्त हुआ।
Read Also: JEE Main : क्यूआर कोड से स्कैन होगा छात्रों का एडमिट कार्ड व पहचान पत्र

