Chaibasa (Jharkhand): झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के आधिकारिक फेसबुक (FB) अकाउंट पर अश्लील तस्वीरें अपलोड करने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस अकाउंट से पार्टी के हजारों कार्यकर्ता जुड़े हैं। इस फेसबुक अकाउंट पर अश्लील फोटो पोस्ट किए जाने के मामले में पार्टी से निष्कासित पूर्व जिला संयुक्त सचिव सह ग्रामीण संवेदक संघ के अध्यक्ष सुनील सिरका के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
झामुमो जिला सचिव ने की लिखित शिकायत
इस संबंध में झामुमो के जिला सचिव राहुल आदित्य ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया है कि विगत 31 अक्टूबर की रात सुनील सिरका ने अपने व्यक्तिगत अकाउंट से पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर चार नग्न महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कीं। यह वही पेज है, जिससे हजारों पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग जुड़े हुए हैं। इस पोस्ट से पार्टी की गरिमा और छवि को गहरी ठेस पहुंची है।
निष्कासित नेता पर पार्टी की छवि धूमिल करने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि सुनील सिरका को वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के कारण झामुमो से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया था। बावजूद उन्होंने अब पुनः पार्टी की छवि धूमिल करने और जनता में भ्रम फैलाने की नीयत से यह आपत्तिजनक पोस्ट किया है।
झामुमो ने बताया पूर्व नियोजित साजिश
झामुमो ने इस पूरे प्रकरण को पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है। साथ ही आरोप लगाया है कि इस तरह की हरकत से न केवल संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि इंटरनेट मीडिया पर पार्टी की साख भी प्रभावित हुई है। मंगलवार को पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इसकी जांच शुरू शुरू कर दी गई है।
Also Read: CA Result District Topper : सीए का परिणाम जारी, फाईनल में लक्ष्य अग्रवाल 459 अंक के साथ जिला टॉपर

