पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईडीह गांव में शुक्रवार को सुबह में करीब 6 बजे बकरी से लदा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया। इस हादसे में वाहन पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य सवारों को हल्की चोटें आई हैं। घायल की पहचान गोसाईडीह निवासी सुंदर यादव के 30 वर्षीय पुत्र प्रभु यादव के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया कि प्रभु यादव सुबह अपने गांव से पिकअप पर बकरी लादकर बेचने के लिए संडा गांव जा रहा था। इसी दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन घायल को छतरपुर स्थित अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कालेज-अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया। एमएमसीएच में इलाज के बावजूद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

