Home » Palamu News : पलामू में दुकानदार ने नहीं दी सिगरेट, जानें फिर क्या हुआ

Palamu News : पलामू में दुकानदार ने नहीं दी सिगरेट, जानें फिर क्या हुआ

by Rakesh Pandey
Palamu News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला में बुधवार की देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सिगरेट नहीं देने पर कुछ युवकों ने एक किराना दुकान में आग लगा दी। इस आगजनी में दुकान में रखा सामान, शादी के लिए खरीदा गया सामान और नगद सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को आवेदन देकर चार युवकों पर आगजनी का आरोप लगाया है।

सिगरेट मांगने पर हुआ विवाद

पीड़ित दुकानदार राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार देर रात करीब चार युवक सिगरेट लेने के लिए उनकी दुकान पर पहुंचे थे। उस समय दुकान बंद थी और शटर गिरा हुआ था। युवक शटर को जोर-जोर से पीटने लगे, जिसके बाद वह बाहर निकले। राजेश के अनुसार, बाहर निकलने पर बगल के टोले के रितिक सिंह, छोटू सिंह और उनके साथ आए अन्य युवकों ने सिगरेट की मांग की। जब उन्हें बताया गया कि दुकान में सिगरेट खत्म हो चुकी है, तो वे गाली-गलौज करने लगे और मारपीट की कोशिश करते हुए कॉलर पकड़ लिया।

धमकी देने के बाद दुकान में लगी आग

दुकानदार के मुताबिक, सिगरेट नहीं मिलने से नाराज होकर चारों युवक वहां से जाते समय धमकी देकर चले गए। कुछ ही देर बाद दुकान से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और सभी की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।

शादी के लिए रखा सामान भी जलकर राख

राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी 11 मार्च को होने वाली है। शादी के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान पहले से खरीद कर दुकान में रखा गया था। इसके अलावा 80 हजार रुपये नगद भी दुकान में रखे हुए थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने बताया कि दुकान में रखे किराना और अन्य सामान के साथ कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति आग में जलकर नष्ट हो गई है। इस घटना से उनके परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने सदर थाना में आवेदन देकर आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी के साथ ऐसी घटना न हो।

Read Also- Giridih News : गिरिडीह में दर्दनाक हादसा : त्रिवेणी संगम तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत, होली खेलने के बाद गए थे स्नान करने

Related Articles

Leave a Comment