पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत पिपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में एक विवाहिता का खून से लथपथ शव घर से बरामद किया गया है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान गांव के ही राजकिशोर यादव की पत्नी बेबी देवी (35) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बेबी देवी राजकिशोर यादव की दूसरी पत्नी थी। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों को भी सूचना दी गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेबी देवी के साथ अक्सर मारपीट होती थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि मौत कैसे हुई।

