पलामू : झारखंड के पलामू जिले में अपराध नियंत्रण और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर जिला पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। इसे लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 15 स्थायी वारंट का सफलतापूर्वक निष्पादन किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 11 से 12 फरवरी 2026 के बीच चलाए गए अभियान के दौरान की है। इसमें खास बात यह रही कि निष्पादित वारंटों में वर्ष 1983 और 1997 से लंबित पुराने मामले भी शामिल हैं, जिनका अब सफलतापूर्वक निपटारा किया गया है। इतने लंबे समय से लंबित मामलों में कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख साफ नजर आ रहा है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता पदाधिकारी एवं पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त संदेश
पलामू जिले की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि जिले में लंबित वारंटों के निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी तेज गति से जारी रखा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में कानून -व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे लंबे समय से फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

