Home » Palamu Ram Navami: सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले नाबालिग सहित 5 फंसे; पलामू पुलिस रख रही सख्त नजर

Palamu Ram Navami: सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले नाबालिग सहित 5 फंसे; पलामू पुलिस रख रही सख्त नजर

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू। रामनवमी पर्व 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पलामू पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी कड़ी कर दी है। इसी क्रम में साइबर थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वाले पांच लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है। निगरानी के दौरान ऐसे लोगों की पहचान की गई, जो जानबूझकर या अनजाने में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट कर रहे थे। इन सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

सोशल मीडिया से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हटाने की कवायद

इसके अलावा, पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा साझा किए गए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को हटाने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय और सोशल मीडिया कंपनियों, विशेष रूप से मेटा, से संपर्क किया है। जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।

पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रामनवमी जैसे धार्मिक पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेश फैलाने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही लोगों से यह भी कहा गया है कि यदि किसी प्रकार का संदिग्ध या आपत्तिजनक संदेश प्राप्त होता है तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। शांति समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का पालन करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की गई है।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि रामनवमी का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Read Also: http://मेल से दहशत फैलाने का खेल…रांची समाहरणालय समेत तीन जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

Related Articles

Leave a Comment