- मुठभेड़ के बाद जंगल की आड़ में भाग निकला शशिकांत गंझू और उसका दस्ता
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव में बुधवार देर रात पुलिस और नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में झारखंड पुलिस के दो बहादुर जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घायल जवान का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर में चल रहा है। शहीद होने वाले जवानों में जिला बल के सुनील राम और संतन मेहता शामिल हैं। वहीं, घायल जवान की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है।

बताया गया कि पुलिस ने टीएसपीसी के टाॅप कमांडर शशिकांत गंझू को पकड़ने के लिए विशेष सर्च अभियान चलाया था। शशिकांत पर राज्य सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस दल शशिकांत गंझू के पैतृक घर मनातू थाना क्षेत्र के केदाल गांव पहुंचा, तभी नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें तत्काल एमएमसीएच लाया गया, जहां डाक्टरों ने दो जवानों को मृत घोषित कर दिया। जबकि, घायल जवान का एमएमसीएच में इलाज चल रहा हैं।
जावानों का शहीद होना अत्यंत पीड़ादायक : हेमंत सोरेन
दोनों जवानों के शहादत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “पलामू के मनातू क्षेत्र में विशेष ऑपरेशन के दौरान हमारे दो जवानों का शहीद होना अत्यंत पीड़ादायक है। मैं वीर शहीदों की आत्मा को शांति मिले और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति मिले, इसकी कामना करता हूं।” मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस मुठभेड़ में एक अन्य जवान भी घायल हुआ है, जिसे चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। श्री सोरेने ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी : बाबूलाल मरांडी
इस मामले पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा, “पलामू में पुलिस बल और उग्रवादी संगठन के बीच मुठभेड़ में दो जवानों, संतन कुमार और सुनील राम के बलिदान होने की सूचना मिली। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।” उन्होंने कहा कि समाज में शांति स्थापित करने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के लिए हम सब हमेशा कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
Read Also- Chaibasa News: अजीब सा अहसास होने पर युवक ने खुद को चाकू मारकर किया घायल

