पलामू : जिले के नौडीहा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान जयमाला के स्टेज पर चढ़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे के एक दोस्त को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान कमल चौधरी के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। गढ़वा जिले के कोटाम गांव से बारात नौडीहा आई थी। शादी समारोह में जयमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे के दोस्त और बारात में आए कुछ अन्य युवक स्टेज पर चढ़ने की कोशिश करने लगे। इस बात को लेकर दुल्हन पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
दूल्हे के दोस्त को पहले कार से नीचे उतारा, फिर कर दी फायरिंग
बताया जाता है कि कुछ देर बाद माहौल थोड़ा शांत हुआ और लोग अपने-अपने काम में लग गए। इसी बीच कमल चौधरी एक कार में बैठे हुए थे। उसी दौरान दुल्हन पक्ष का एक व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने पहले कमल चौधरी को कार से नीचे उतारा । फिर उसके पैर में गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
पारा शिक्षक है आरोपी, घटना के बाद शादी समारोह में पसरा सन्नाटा
बताया जा रहा है कि गोली चलाने का आरोपी दुल्हन पक्ष का है और वह पेशे से पारा शिक्षक है। घटना के बाद शादी समारोह में दहशत का माहौल बन गया।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि जयमाला के स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। उसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान कर ली गई है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं घायल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है।
Read Also: Palamu Crime : पलामू में कोयल पुल से महिला ने लगाई छलांग, गंभीर तौर पर घायल

